मंगल, 17 नव. 2026

CGKhabar

अनिल अग्रवाल और वेदांता पर विधानसभा में हंगामा

C

CG Khabar

14 जुल. 2026, 12:31 PM 6 मिनट में पढ़ें 17

अनिल अग्रवाल, वेदांता
अनिल अग्रवाल, वेदांता

रायपुर | संवाददाता: छत्तीसगढ़ विधानसभा के मानसून सत्र के दूसरे दिन मंगलवार को सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी राजनीतिक टकराहट देखने को मिली. विपक्ष ने सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पेश किया, जिसे विधानसभा अध्यक्ष ने स्वीकार करते हुए 17 जुलाई को इस पर चर्चा कराने का निर्णय लिया. राज्य गठन के बाद यह विधानसभा में लाया गया 10वां अविश्वास प्रस्ताव है.


दिनभर की कार्यवाही में सक्ती के वेदांता प्लांट हादसे में 25 लोगों की मौत, किसानों को खाद-बीज की उपलब्धता, रायपुर की पेयजल व्यवस्था, जल जीवन मिशन और अमृत मिशन जैसे मुद्दों पर सरकार को घेरा गया. कई बार सदन में हंगामे की स्थिति बनी. वेदांता हादसे के मामले में कांग्रेस ने वॉकआउट किया, जबकि किसानों के मुद्दे पर स्थगन प्रस्ताव के दौरान विपक्षी विधायक गर्भगृह में पहुंच गए, जिसके चलते नियमों के तहत वे स्वतः निलंबित हो गए.

विज्ञापन


विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पेश किया. आवश्यक प्रक्रिया पूरी होने के बाद अध्यक्ष ने सत्र के अंतिम दिन 17 जुलाई को इस पर चर्चा तय की.


राज्य गठन के बाद यह 10वां अविश्वास प्रस्ताव है. इससे पहले नौ बार अलग-अलग सरकारों के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाए जा चुके हैं, लेकिन हर बार सरकारें सदन में अपना बहुमत साबित करने में सफल रही हैं.


वेदांता, अडानी और अनिल अग्रवाल पर हंगामा


प्रश्नकाल के दौरान सदन में हल्का-फुल्का लेकिन तीखा राजनीतिक संवाद भी देखने को मिला. जब नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत सक्ती ज़िले में वेदांता के पावर प्लांट में 25 मज़दूरों की मौत से जुड़े सवाल पूछने लगे तो भाजपा विधायक अजय चंद्राकर ने टिप्पणी करते हुए कहा- माननीय नेता जी, अविश्वास प्रस्ताव भी दे दिए हो और प्रश्न भी पूछ रहे हैं.


इस पर चरणदास महंत ने जवाब दिया-अरे यार, आप हमेशा गड़बड़ करते हो... लगता है, दिनभर चढ़ी रहती है आपको. अविश्वास प्रस्ताव किस कारण ला रहे हैं, ये अभी बताने तो दो.


दोनों नेताओं के बीच हुई इस नोकझोंक पर सदन में कुछ देर तक ठहाके भी लगे.


प्रश्नकाल के दौरान सक्ती जिले के वेदांता प्लांट में हुए हादसे का मामला जोरदार तरीके से उठा. हादसे में 25 लोगों की मौत को लेकर विपक्ष ने सरकार से जवाब मांगा और उद्योगपति अनिल अग्रवाल को लेकर सवाल उठाए.


नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत ने पूछा कि क्या अनिल अग्रवाल से पूछताछ या गिरफ्तारी की कोई कोशिश की गई है.


उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन ने जवाब दिया कि मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच और विवेचना जारी है तथा जो भी दोषी पाया जाएगा उसके खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी.


पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भी सरकार को घेरते हुए पूछा कि क्या पुलिस अनिल अग्रवाल को गिरफ्तार करने गई थी? क्या किसी अन्य को लाभ पहुंचाने के लिए दबाव बनाया जा रहा है? साथ ही उन्होंने भविष्य में ऐसी घटनाओं में, कंपनी के निदेशकों पर भी एफआईआर दर्ज करने की नीति को लेकर सवाल उठाया.


इसके बाद भूपेश बघेल ने आरोप लगाया कि क्या इस पावर प्लांट को बेचने का दबाव बनाने के लिए वेदांता के अनिल अग्रवाल के खिलाफ एफआईआर दर्ज किया गया है? इसके बाद सदन में हंगामा शुरु हो गया.


मंत्री के जवाब से असंतुष्ट कांग्रेस विधायकों ने सदन में हंगामा किया और बाद में वॉकआउट कर दिया. इस दौरान सदस्यों ने अडानी समूह को राज्य के संसाधन बेचने को लेकर नारेबाजी भी की.


किसानों के मुद्दे पर स्थगन प्रस्ताव, हंगामे के बाद विपक्षी विधायक निलंबित


खरीफ सीजन में किसानों को खाद, उन्नत बीज और बिजली की समस्या को लेकर कांग्रेस ने स्थगन प्रस्ताव लाकर सरकार को घेरा.


विपक्ष का आरोप था कि प्रदेश में डीएपी, पोटाश और सिंगल सुपर फॉस्फेट की कमी है. किसानों को सहकारी समितियों में खाद नहीं मिल रही, जबकि निजी व्यापारियों के पास पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है. कांग्रेस ने खाद की कालाबाजारी, दलाली, कम बारिश और बिजली कटौती के कारण खेती प्रभावित होने का मुद्दा भी उठाया.


पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि सरकार ने खाद का कोटा कम कर दिया है, किसान खाद के लिए भटक रहे हैं और बोनी प्रभावित हो रही है.


इसके जवाब में कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने कहा कि प्रदेश में खाद और बीज की कोई कमी नहीं है. उन्होंने बताया कि राज्य में 14 लाख मीट्रिक टन से अधिक उर्वरक उपलब्ध है तथा मांग के मुकाबले 96 प्रतिशत बीजों का भंडारण किया जा चुका है. एनपीके और सिंगल सुपर फॉस्फेट की भी पर्याप्त उपलब्धता है. मंत्री ने यह भी बताया कि अमानक उर्वरक के 94 मामलों में कार्रवाई की गई है.


मंत्री के जवाब से असंतुष्ट विपक्षी विधायक नारेबाजी करते हुए गर्भगृह में पहुंच गए. विधानसभा नियमों के अनुसार गर्भगृह में प्रवेश करने पर विधायक स्वतः निलंबित हो गए. इसके बाद कांग्रेस विधायकों ने सदन से वॉकआउट कर बाहर प्रदर्शन किया.


रायपुर की जलापूर्ति और म्यूजियम के दस्तावेज में दीमक पर सवाल


सदन में रायपुर शहर की पेयजल व्यवस्था को लेकर भी विपक्ष ने सरकार को घेरा. रायपुर में जल संकट, टैंकरों से पानी की आपूर्ति, अमृत मिशन और जल जीवन मिशन की अधूरी परियोजनाएं तथा अवैध नल कनेक्शनों को लेकर विपक्ष ने सरकार से सवाल पूछे. इस दौरान सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बहस और सवाल-जवाब का दौर चला.


विधानसभा में प्रदेश की पुरातात्विक धरोहरों के संरक्षण पर भी विस्तृत चर्चा हुई, जिसे राज्य गठन के बाद पहली बार इतने व्यापक स्तर पर उठाया गया.


भाजपा विधायक अजय चंद्राकर ने पूछा कि प्रदेश में केवल एक स्थान पर ही खुदाई क्यों हो रही है? रायपुर के महंत घासीदास संग्रहालय के अभिलेखों को दीमक से नुकसान कैसे हुआ और इसके लिए जिम्मेदार अधिकारियों पर क्या कार्रवाई की गई? उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि 25 वर्षों से अभिलेख सार्वजनिक नहीं होने से शोध कार्य प्रभावित हो रहा है.


संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने बताया कि विभाग के पास कुल छह पंजी हैं, जिनमें से केवल एक को दीमक से नुकसान हुआ. उसकी प्रति भोपाल से मंगाई गई है और संबंधित अधिकारियों को नोटिस जारी किया गया है. 


उन्होंने कहा कि सभी अभिलेखों का डिजिटलीकरण किया जा रहा है. अमेरिका में मौजूद एक प्राचीन मूर्ति की वापसी के लिए केंद्र सरकार को पत्र लिखा गया है तथा सिरपुर संग्रहालय से जुड़े मुद्दों पर भी आवश्यक कार्रवाई की जा रही है.


नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत ने रामगढ़ नाट्यशाला की सुरक्षा का मुद्दा उठाया, जबकि विधायक धर्मजीत सिंह ने ताला, मल्हार और बिलासपुर संग्रहालयों की स्थिति पर सरकार से जानकारी मांगी.


सरकार ने घोषणा की कि मल्हार संग्रहालय का विस्तार किया जाएगा, ताला संग्रहालय के लिए प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है, बिलासपुर में नया संग्रहालय भवन बनाया जाएगा तथा भोरमदेव कॉरिडोर के विकास के लिए 150 करोड़ रुपये की योजना तैयार की गई है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
सड़क दुर्घटना
छत्तीसगढ़

उदयपुर: घर लौट रहे युवक की अज्ञात वाहन की टक्कर से दर्दनाक मौत

10 घंटे पहले

छत्तीसगढ़ पुलिस- सांकेतिक फोटो
छत्तीसगढ़

जांजगीर: शराब तस्कर से 1.5 लाख रुपये लेकर छोड़ने के आरोप में ट्रेनी SI समेत 6 पुलिसकर्मी निलंबित

10 घंटे पहले

कंकाल
छत्तीसगढ़

खैरागढ़: लापता बुजुर्ग महिला का धान के खेत में मिला कंकाल, तेंदुए के हमले की आशंका

10 घंटे पहले

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु
छत्तीसगढ़

राष्ट्रपति भवन में छत्तीसगढ़ के 50 बेलमेटल शिल्पकारों से मिलीं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु

11 घंटे पहले

आरोपी गिरफ्तार- कटघोरा
छत्तीसगढ़

कोरबा के कटघोरा में पिता के हमले से ढाई माह के मासूम की मौत, पत्नी घायल

11 घंटे पहले

आरोपी शिक्षक अजय कुमार
छत्तीसगढ़

रायगढ़: 6 साल की मासूम को शिक्षक ने दिखाया अपना प्राईवेट पार्ट, पहुंचा सलाखों के पीछे

11 घंटे पहले

CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP