वेनेजुएला: ट्रंप ने मचाडो को छोड़ डेल्सी रोड्रिगेज पर जताया भरोसा
वाशिंगटन । डेस्क: वेनेजुएला की विपक्षी नेता मारिया कोरिना मचाडो ने शुक्रवार को घोषणा की कि उनका देश लोकतंत्र की ओर एक "सच्चे संक्रमण" के दौर में प्रवेश कर चुका है. 3 जनवरी को अमेरिकी सैन्य अभियान के जरिए निकोलस मादुरो को सत्ता से बेदखल किए जाने के बाद मचाडो ने विश्वास जताया कि अमेरिका और राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के सहयोग से वेनेजुएला जल्द ही पूरी तरह स्वतंत्र होगा.
हालांकि, राजनीतिक समीकरणों में एक बड़ा उलटफेर देखने को मिल रहा है. राष्ट्रपति ट्रंप ने नोबेल पुरस्कार विजेता मचाडो को दरकिनार करते हुए पूर्व उपराष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज को अंतरिम नेता के रूप में समर्थन दिया है.
ट्रंप का मानना है कि मचाडो के पास वेनेजुएला की जनता का पर्याप्त समर्थन नहीं है, और उन्होंने रोड्रिगेज के साथ काम करने का विकल्प चुना है, बशर्ते वह वेनेजुएला के विशाल तेल भंडारों तक अमेरिकी पहुंच सुनिश्चित करें.
इस बीच, मचाडो ने वाशिंगटन में एक कार्यक्रम के दौरान अपना नोबेल शांति पुरस्कार पदक राष्ट्रपति ट्रंप को भेंट किया ताकि उनका समर्थन हासिल किया जा सके. हालांकि, ट्रंप और रोड्रिगेज के बीच बढ़ती नजदीकी के संकेत साफ मिल रहे हैं.
सीआईए प्रमुख जॉन रैटक्लिफ ने हाल ही में काराकस में रोड्रिगेज से मुलाकात की, जिसे दोनों देशों के बीच बेहतर कामकाजी संबंधों की शुरुआत माना जा रहा है.
इसी कड़ी में, मादुरो के पतन के बाद पहली बार अमेरिका से 231 वेनेजुएलाई प्रवासियों को लेकर एक निर्वासन विमान शुक्रवार को काराकस पहुंचा.
जहां एक ओर रोड्रिगेज संसद में मादुरो का 'स्टेट ऑफ द नेशन' संबोधन दे रही हैं, वहीं मादुरो फिलहाल न्यूयॉर्क की जेल में ड्रग तस्करी के आरोपों का सामना कर रहे हैं.
मचाडो ने रोड्रिगेज पर निशाना साधते हुए कहा कि वह अपनी मर्जी के बजाय "आदेशों का पालन" कर रही हैं, जबकि ट्रंप ने संकेत दिया है कि वह आने वाले समय में मचाडो से दोबारा बात करेंगे.