केरल की ननों के खिलाफ मामला बंद करे- केसी वेणुगोपाल
नई दिल्ली । डेस्क: कांग्रेस महासचिव वेणुगोपाल में गृहमंत्री अमित शाह तथा छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को ननों के बारे में पत्र लिखा है. कांग्रेस महासचिव (संगठन) केसी वेणुगोपाल ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को पत्र लिखकर छत्तीसगढ़ के दुर्ग में धार्मिक परिवर्तन और मानव तस्करी के आरोप में गिरफ्तार दो केरल ननों और एक अन्य व्यक्ति के खिलाफ दर्ज मामले को बंद करने की मांग की है.
वेणुगोपाल ने अपने पत्र में कहा कि तीनों आरोपियों को झूठे आरोपों में गिरफ्तार किया गया, जो "राज्य शक्ति का दुरुपयोग और सांप्रदायिक पूर्वाग्रह" का परिणाम था.
उन्होंने बजरंग दल के सदस्यों के खिलाफ कार्रवाई की भी मांग की, जिनकी शिकायत पर 25 जुलाई को गिरफ्तारी हुई थी.
वेणुगोपाल ने आरोप लगाया कि ननों के साथ मारपीट और दबाव बनाया गया.
केरल में यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट और लेफ्ट डेमोक्रेटिक फ्रंट ने इस गिरफ्तारी के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया था.
यहां तक कि छत्तीसगढ़ में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी की केरल इकाई ने भी ननों के समर्थन में आवाज उठाई और जमानत का विरोध न करने के लिये लॉबिंग की.
वेणुगोपाल ने पत्र में लिखा, "आठ दिन की अन्यायपूर्ण कैद के बाद, विपक्ष और जनता, विशेषकर ईसाई समुदाय के विरोध के बाद दी गई सशर्त जमानत, इस अन्याय का सबूत है."
उन्होंने मामले को समयबद्ध तरीके से बंद करने और ननों व आदिवासी महिलाओं पर हमला करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की.