बुध, 18 नव. 2026

CGKhabar

देशभर में सड़क हादसों के घायलों को मिलेगा मुफ्त इलाज

C

CG Khabar

09 जन. 2026, 01:17 AM 3 मिनट में पढ़ें 18

नितिन गडकरी
नितिन गडकरी

नई दिल्ली । डेस्क: देश में सड़क दुर्घटनाओं में घायल होने वालों के लिए बड़ी राहत की घोषणा की गई है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल पर अब देशभर में सड़क हादसों के पीड़ितों को मुफ्त इलाज की सुविधा मिलेगी. गुरुवार को राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के परिवहन मंत्रियों के साथ बैठक के बाद केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने इसकी घोषणा की.


बैठक में सड़क सुरक्षा, यातायात नियंत्रण, संरक्षा और राजस्व वृद्धि जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा हुई. बैठक के बाद पत्रकारों से बात करते हुए गडकरी ने बताया कि मोटर चालित वाहनों से होने वाली दुर्घटनाओं में घायल व्यक्ति को हादसे के दिन से लेकर सात दिन तक अधिकतम डेढ़ लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज उपलब्ध कराया जाएगा.

विज्ञापन


गौरतलब है कि यह योजना 14 मार्च 2024 से चंडीगढ़ में पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर शुरू की गई थी. बाद में इसे छह अन्य राज्यों में लागू किया गया. अब इसे पूरे देश में लागू किया जा रहा है.


दुर्घटनाएं रोकने के लिए वाहनों में ‘वी-टू-वी’ (व्हीकल टू व्हीकल) तकनीक लागू करने का भी फैसला लिया गया है. इसके लिए दूरसंचार विभाग और परिवहन मंत्रालय के प्रतिनिधियों की एक टास्क फोर्स गठित की गई है और प्रारंभिक कार्य शुरू हो चुका है. 


इस तकनीक के जरिए चालक वाहन की गति, स्थिति और आसपास मौजूद अन्य वाहनों की जानकारी प्राप्त कर समय रहते आवश्यक कदम उठा सकेंगे. वायरलेस तकनीक के माध्यम से वाहन चालक आपस में संपर्क भी कर सकेंगे.


केंद्रीय मंत्री ने यह भी बताया कि आगामी बजट सत्र में मोटर वाहन अधिनियम में 61 संशोधन लाए जाएंगे, जिनका उद्देश्य सुरक्षा बढ़ाना, नागरिक सेवाओं में सुधार और राजस्व वृद्धि करना होगा.


इसके अलावा सरकार ने स्लीपर कोच बसों के निर्माण को लेकर भी नए नियम तय किए हैं. अब केवल केंद्र सरकार के मानकों के अनुरूप ही स्लीपर कोच बसों का निर्माण किया जा सकेगा. यह कदम बसों में आग लगने जैसी घटनाओं को रोकने के लिए उठाया गया है. 


मौजूदा स्लीपर कोच बसों में अग्नि पहचान और अग्निशमन प्रणाली, आपातकालीन निकास, आपातकालीन लाइट, शीशा तोड़ने के लिए हथौड़ा और चालक की नींद का पता लगाने वाली व्यवस्था अनिवार्य होगी.


दुर्घटनाओं के लिए जिम्मेदार कारणों पर सख्ती दिखाते हुए गडकरी ने बताया कि उन्होंने राजस्थान सरकार को पत्र लिखकर उन अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है, जिन्होंने सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वाले मैन्युअल रूप से बनाए गए बस ढांचों को मंजूरी दी थी.


बैठक में सड़क कानून उल्लंघन की पहचान, वाहनों के लिए डिजिटल और स्वचालित परमिट प्रणाली तथा प्रशिक्षित कर्मियों की कमी जैसे मुद्दों पर भी विस्तार से चर्चा की गई.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP