रवि, 08 नव. 2026

CGKhabar

वियतनाम: पर्यटकों से भरी नाव पलटी, 15 भारतीयों की मौत

C

CG Khabar

11 जुल. 2026, 02:31 PM 2 मिनट में पढ़ें 11

नाव पलटी- वियतनाम
नाव पलटी- वियतनाम

नई दिल्ली । डेस्क: वियतनाम के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल फु क्वोक द्वीप के पास शनिवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया. यहाँ पर्यटकों से भरी एक स्पीडबोट समुद्र में पलट गई, जिससे 15 भारतीय पर्यटकों की मौत हो गई.


स्थानीय मीडिया पोर्टल 'वीएन एक्सप्रेस इंटरनेशनल' के अनुसार, यह हादसा उस समय हुआ जब 32 भारतीय पर्यटकों और चालक दल के 4 सदस्यों को ले जा रही एक स्पीडबोट 'हॉन मे रुत' से 'आन थोई पोर्ट' की ओर जा रही थी. तट से लगभग 400 मीटर की दूरी पर अचानक नाव अनियंत्रित होकर पलट गई, जिससे उस पर सवार सभी लोग समुद्र में गिर गए.

विज्ञापन


हादसे की सूचना मिलते ही फु क्वोक विशेष आर्थिक क्षेत्र के अधिकारियों, स्थानीय पर्यटक नावों, सीमा रक्षकों, नौसेना और तटरक्षक बल ने तुरंत संयुक्त रूप से खोज और बचाव अभियान (सर्च एंड रेस्क्यू ऑपरेशन) शुरू किया. इस हादसे में अब तक 15 लोगों के मारे जाने की पुष्टि हो चुकी है, जबकि अन्य लोगों को बचाने के प्रयास जारी हैं.


वियतनाम में भारतीय दूतावास ने इस दुखद घटना की पुष्टि करते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जानकारी दी है. दूतावास ने प्रभावित परिवारों की मदद और जानकारी के लिए हनोई और हो ची मिन्ह सिटी में चौबीसों घंटे काम करने वाले कंट्रोल रूम स्थापित किए हैं. सहायता के लिए निम्नलिखित हेल्पलाइन नंबर जारी किए गए हैं:


हो ची मिन्ह सिटी (वाणिज्य दूतावास): +84 36 281 7930, +84 91 552 37 14, +84 33 452 0414


हनोई (दूतावास): +84 91 308 9165


प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है. उन्होंने X पर लिखा, "वियतनाम के फु क्वोक द्वीप के पास हुई नाव दुर्घटना में लोगों की मौत से अत्यंत दुखी हूँ. हमारा दूतावास और वाणिज्य दूतावास प्रभावितों को हर संभव सहायता प्रदान कर रहे हैं और हमारे अधिकारी वियतनामी अधिकारियों के साथ निरंतर संपर्क में हैं."


वहीं, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने भी इस घटना पर शोक संवेदना व्यक्त की है. उन्होंने भारत सरकार से अपील की है कि वे वियतनामी प्रशासन के साथ मिलकर चल रहे बचाव कार्यों में तेजी लाएं और पीड़ित परिवारों तक जल्द से जल्द हर जरूरी मदद पहुँचाना सुनिश्चित करें.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP