विजय शर्मा ने की ममता बनर्जी की गिरफ्तारी की मांग
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी द्वारा प्रवर्तन निदेशालय की कार्रवाई में कथित बाधा डालने की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए उनके खिलाफ FIR दर्ज करने और गिरफ्तारी की मांग की है. रायपुर में मीडिया से बात करते हुए विजय शर्मा ने कहा कि ममता बनर्जी खुद को संविधान और संवैधानिक संस्थाओं से ऊपर समझना चाहती हैं, जो पूरी तरह से अस्वीकार्य है.
उन्होंने सवाल उठाया कि क्या किसी मुख्यमंत्री को जारी जांच में इस स्तर पर हस्तक्षेप करना शोभा देता है?
यह विवाद तब शुरू हुआ जब गुरुवार को कोलकाता में राजनीतिक परामर्शदाता फर्म आई-पैक के कार्यालयों पर ED ने कोयला तस्करी से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में छापेमारी की.
इस दौरान मुख्यमंत्री ममता बनर्जी खुद मौके पर पहुंच गईं और केंद्रीय एजेंसी पर पार्टी के गोपनीय दस्तावेज, उम्मीदवारों की सूची और रणनीतिक डेटा जब्त करने का आरोप लगाया.
उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर हमला बोलते हुए इसे लोकतांत्रिक मर्यादाओं का उल्लंघन बताया.
दूसरी ओर, ED ने आधिकारिक बयान जारी कर ममता बनर्जी पर गंभीर आरोप लगाए हैं. एजेंसी का कहना है कि मुख्यमंत्री ने तलाशी अभियान के दौरान हस्तक्षेप किया और आई-पैक निदेशक के आवास व कार्यालय से महत्वपूर्ण भौतिक साक्ष्य और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जबरन हटा दिए.
ED ने स्पष्ट किया कि यह कार्रवाई किसी राजनीतिक दल के खिलाफ नहीं, बल्कि कोयला तस्करी और हवाला नेटवर्क के सबूतों के आधार पर की गई थी.
इस घटनाक्रम के विरोध में शुक्रवार को दिल्ली में भी भारी ड्रामा देखने को मिला. डेरेक ओ'ब्रायन और महुआ मोइत्रा सहित तृणमूल कांग्रेस के कई सांसदों ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के कार्यालय के बाहर विरोध प्रदर्शन किया, जिसके बाद दिल्ली पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया.
ममता बनर्जी ने इसे "राजनीतिक प्रतिशोध" करार दिया है, जबकि भाजपा और जांच एजेंसियां इसे कानून की प्रक्रिया में अवैध बाधा मान रही हैं.