सोम, 09 नव. 2026

CGKhabar

विजय की TVK पहुंची सुप्रीम कोर्ट, राज्यपाल के खिलाफ याचिका दायर

C

CG Khabar

08 मई 2026, 05:22 PM 2 मिनट में पढ़ें 12

विजय TVK
विजय TVK

नई दिल्ली । डेस्क: तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) ने अब राज्य में सरकार बनाने के लिए कानूनी लड़ाई छेड़ दी है. अभिनेता से नेता बने विजय के नेतृत्व वाली टीवीके ने शुक्रवार को सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया. 


याचिका में राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर को यह निर्देश देने की मांग की गई है कि वे सबसे बड़े दल के नाते विजय को सरकार बनाने के लिए आमंत्रित करें.

विज्ञापन


सुप्रीम कोर्ट में दायर इस याचिका में तर्क दिया गया है कि राज्यपाल द्वारा विजय को आमंत्रित न करना संविधान के अनुच्छेद 12 और 32 का उल्लंघन है. याचिकाकर्ता का कहना है कि बहुमत साबित करने का एकमात्र स्थान विधानसभा का सदन (Floor of the House) है और राज्यपाल को आमंत्रण देने से पहले विधायकों के समर्थन के पूर्ण प्रमाण की मांग नहीं करनी चाहिए. 


टीवीके का मानना है कि संवैधानिक प्रक्रिया के तहत पहले सबसे बड़ी पार्टी को शपथ दिलानी चाहिए और फिर उसे सदन में बहुमत साबित करने का मौका दिया जाना चाहिए.


गौरतलब है कि 234 सदस्यीय विधानसभा में टीवीके ने 108 सीटें जीतकर सबसे बड़े दल का दर्जा हासिल किया है. बहुमत के लिए 118 सीटों की आवश्यकता है. हालांकि कांग्रेस (5 विधायक) और हाल ही में वामपंथी दलों-सीपीआई और सीपीआई(एम) ने भी टीवीके को अपना समर्थन दे दिया है, जिससे पार्टी बहुमत के आंकड़े के बेहद करीब पहुंच गई है. 


विजय अब तक दो बार राज्यपाल से मुलाकात कर चुके हैं, लेकिन राजभवन से कोई आधिकारिक बुलावा न आने के कारण अब शीर्ष अदालत से 'रिट ऑफ मैंडमस' के जरिए हस्तक्षेप की गुहार लगाई गई है. साथ ही एक अंतरिम आवेदन के जरिए राज्यपाल को किसी अन्य व्यक्ति को सरकार बनाने के लिए आमंत्रित करने से रोकने की भी मांग की गई है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP