सोम, 09 नव. 2026

CGKhabar

छत्तीसगढ़ के नए मुख्य सचिव हो सकते हैं विकासशील

छत्तीसगढ़ को मिला नया CS: IAS विकासशील गुप्ता संभालेंगे कमान

C

CG Khabar

15 सित. 2025, 05:54 AM 3 मिनट में पढ़ें 12

विकासशील आईएएस
विकासशील आईएएस

रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ में प्रशासनिक नेतृत्व में बड़ा बदलाव होने जा रहा है. 1994 बैच के वरिष्ठ IAS अधिकारी विकासशील को राज्य का 12वां मुख्य सचिव नियुक्त किया जा सकता है. वर्तमान में एशियन डेवलपमेंट बैंक (ADB), मनीला में कार्यरत विकासशील को हाल ही में वहां से कार्यमुक्त किया गया है और उनके अगले सप्ताह तक रायपुर पहुंचने की संभावना है.


विकासशील लंबे समय से केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर थे, जहां उन्होंने स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय में अतिरिक्त सचिव और जल शक्ति मंत्रालय में जल जीवन मिशन के निदेशक के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं. जनवरी 2024 से वे ADB में कार्यकारी निदेशक के रूप में कार्यरत थे.

विज्ञापन


12 सितंबर 2025 को केंद्रीय कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (DoPT) ने उन्हें वापस बुलाने का आदेश जारी किया, जिसके बाद ADB ने उन्हें औपचारिक रूप से कार्यमुक्त कर दिया. सूत्रों के अनुसार, उनकी छत्तीसगढ़ वापसी का आदेश जल्द ही जारी हो सकता है.


उत्तर प्रदेश के मूल निवासी और उत्तराखंड के गढ़वाल के रहने वाले विकासशील का जन्म 10 जून 1969 को हुआ. उन्होंने इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में स्नातक (BE) और स्नातकोत्तर (ME) की डिग्री हासिल की. इसके अलावा, उन्होंने सिरैक्यूज़ विश्वविद्यालय, यूएसए से पब्लिक एडमिनिस्ट्रेशन में मास्टर डिग्री और हेल्थ सर्विस मैनेजमेंट एंड पॉलिसी में सर्टिफिकेट कोर्स भी पूरा किया.


1994 में IAS के रूप में अपने करियर की शुरुआत करने वाले विकासशील ने मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में कई महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया. छत्तीसगढ़ के गठन के बाद उन्होंने बिलासपुर और रायपुर जैसे जिलों में कलेक्टर के रूप में सेवाएं दीं. इसके अलावा, स्कूल शिक्षा, खाद्य, सामान्य प्रशासन और स्वास्थ्य जैसे विभागों में सचिव के रूप में उनकी भूमिका उल्लेखनीय रही. केंद्रीय प्रतिनियुक्ति के दौरान उन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर स्वास्थ्य और जल आपूर्ति जैसे क्षेत्रों में योगदान दिया.


पत्नी निधि छिब्बर भी IAS अधिकारी


विकासशील की पत्नी निधि छिब्बर भी 1994 बैच की IAS अधिकारी हैं और वर्तमान में नीति आयोग में विकास निगरानी और मूल्यांकन कार्यालय (DMEO) की महानिदेशक हैं. दोनों पति-पत्नी ने छत्तीसगढ़ और केंद्र में विभिन्न महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाई हैं.


मुख्य सचिव का पद किसी भी राज्य के प्रशासनिक ढांचे का शीर्ष होता है. विकासशील का अंतर्राष्ट्रीय और राष्ट्रीय स्तर का अनुभव, विशेष रूप से स्वास्थ्य और जल संसाधन जैसे क्षेत्रों में उनकी विशेषज्ञता, छत्तीसगढ़ के विकास को नई गति प्रदान कर सकती है.


वर्तमान मुख्य सचिव अमिताभ जैन के सेवानिवृत्त होने के बाद उनके कार्यकाल को तीन महीने के लिए बढ़ाया गया था. इस दौरान रेणु पिल्ले, सुब्रत साहू, अमित अग्रवाल, ऋचा शर्मा और मनोज कुमार पिंगुआ जैसे वरिष्ठ अधिकारियों के नाम मुख्य सचिव पद के लिए चर्चा में थे. हालांकि, विकासशील के नाम की घोषणा के साथ ही ये चर्चाएं अब थम गई हैं.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP