वर्चुअल नेट मीटरिंग: 20 परिवारों को मिली देश की पहली मुफ्त बिजली
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर ने 'प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना' के अंतर्गत एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करते हुए देश के सौर ऊर्जा क्षेत्र में एक नई मिसाल पेश की है. रायपुर की पार्थिवी पैसिफिक सोसायटी देश की पहली ऐसी रिहायशी परियोजना बन गई है, जहां वर्चुअल नेट मीटरिंग (VNM) सिस्टम को सफलतापूर्वक लागू किया गया है.
इस अभिनव पहल के माध्यम से सोसायटी के एक ही साझा छत पर स्थापित 60 किलोवाट के सोलर प्लांट से अब 20 अलग-अलग परिवारों को बिजली बिलों में भारी राहत मिल रही है.
इस परियोजना की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि यह उन अपार्टमेंट निवासियों के लिए वरदान साबित हो रही है जिनके पास व्यक्तिगत रूप से सोलर पैनल लगाने के लिए छत पर पर्याप्त जगह नहीं होती.
कैपेक्स मॉडल पर आधारित इस 24 लाख रुपये के प्रोजेक्ट में प्रत्येक परिवार ने लगभग 1.20 लाख रुपये का निवेश किया है, जिस पर केंद्र सरकार से 78 हजार और राज्य सरकार से 30 हजार रुपये की सब्सिडी प्रदान की जा रही है.
इस तकनीक के माध्यम से उत्पादित बिजली को ग्रिड में भेजा जाता है और फिर प्रत्येक फ्लैट की हिस्सेदारी के अनुसार उन्हें 300 यूनिट तक का क्रेडिट दिया जाता है.
अनुमान है कि इस सिस्टम से प्रत्येक परिवार सालाना 31,500 रुपये की बचत करेगा, जिससे पूरी सोसायटी को कुल 6.30 लाख रुपये का वित्तीय लाभ होगा.