एआर रहमान के बयान पर वहीदा रहमान: "शांति से रहें, यह हमारा देश है"
मुंबई । डेस्क: मशहूर संगीतकार एआर रहमान द्वारा धार्मिक विभाजन के कारण काम खोने के दावों के बाद फिल्म इंडस्ट्री में हलचल तेज हो गई है. अब इस विवाद पर दिग्गज अभिनेत्री वहीदा रहमान ने अपनी चुप्पी तोड़ी है.
एक हालिया साक्षात्कार में जब वहीदा रहमान से एआर रहमान की टिप्पणी के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने बहुत ही संतुलित और स्पष्ट रुख अपनाया. उन्होंने कहा कि हर देश में इस तरह की बातें और घटनाएं होती रहती हैं, इसलिए वह इन विषयों को ज्यादा तूल देना पसंद नहीं करतीं.
वहीदा रहमान ने जोर देते हुए कहा, "यह हमारा देश है, यहाँ शांति से रहें." उन्होंने आगे कहा कि वह अपनी उम्र के इस पड़ाव पर इन विवादों में खुद को नहीं उलझाना चाहतीं.
अभिनेत्री के अनुसार, "हमें इन सब बातों में पड़ने की क्या जरूरत है? अपने तरीके से शांति से जिएं और खुश रहें." जब उनसे रहमान को पिछले आठ वर्षों में काम कम मिलने के पीछे की वजह पूछी गई, तो उन्होंने धार्मिक एंगल को दरकिनार करते हुए इसे करियर के उतार-चढ़ाव से जोड़ा.
वहीदा रहमान का मानना है कि एक निश्चित समय के बाद लोग नए चेहरों और कुछ अलग काम की तलाश में होते हैं, जो इंडस्ट्री की एक सामान्य प्रक्रिया है.
गौरतलब है कि एआर रहमान ने पहले एक साक्षात्कार में संकेत दिया था कि शायद उनकी धार्मिक पहचान और समाज में बढ़ते विभाजन के कारण उन्हें काम मिलना कम हुआ है.
हालांकि, बाद में उन्होंने स्पष्ट किया कि वह एक भारतीय होने पर गर्व महसूस करते हैं और उन्हें यहाँ काम करने की पूरी स्वतंत्रता मिलती है. रहमान के इस बदले हुए रुख को लेकर सोशल मीडिया पर यह चर्चा भी तेज है कि शायद उन्होंने दबाव में आकर अपनी सफाई पेश की है.