छत्तीसगढ़ को कृषि-ग्रामीण विकास में अव्वल बनाएगें- शिवराज सिंह चौहान
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर पहुंचे केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने राज्य के विकास को लेकर केंद्र सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई है. उन्होंने स्पष्ट किया कि केंद्र और राज्य सरकार मिलकर एक ऐसा साझा रोडमैप तैयार कर रहे हैं, जिससे छत्तीसगढ़ कृषि और ग्रामीण आत्मनिर्भरता के मामले में देश का सिरमौर राज्य बनकर उभरेगा.
अपने एक दिवसीय प्रवास के दौरान उन्होंने स्वामी विवेकानंद विमानतल पर मीडिया से चर्चा करते हुए कहा कि किसानों की आय दोगुनी करना और ग्रामीण क्षेत्रों का सर्वांगीण विकास हमारी प्राथमिकता है.
केंद्रीय मंत्री ने दुर्ग जिले में प्रगतिशील किसानों के साथ संवाद कर उनकी आधुनिक खेती की तकनीकों की सराहना की. उन्होंने 'विकसित भारत जी रामजी योजना' का विशेष उल्लेख करते हुए बताया कि इसके माध्यम से गांवों को गरीबी मुक्त और रोजगार से लबालब बनाया जाएगा.
इस योजना की बड़ी उपलब्धि बताते हुए उन्होंने कहा कि मनरेगा के तहत अब कार्य दिवसों की संख्या 100 से बढ़ाकर 125 कर दी गई है, जिससे ग्रामीणों को अतिरिक्त आर्थिक संबल मिलेगा. विपक्ष पर निशाना साधते हुए चौहान ने कहा कि कांग्रेस केवल विरोध की राजनीति कर रही है, जबकि धरातल पर बदलाव स्पष्ट दिख रहा है.
आवास योजनाओं पर बोलते हुए उन्होंने पिछली सरकार को घेरते हुए आरोप लगाया कि पहले की ढिलाई के कारण गरीबों के घर नहीं बन पाए, लेकिन वर्तमान प्रशासन अब 18 लाख प्रधानमंत्री आवासों के निर्माण को गति दे रहा है.
आगामी केंद्रीय बजट पर भरोसा जताते हुए शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि यह बजट 'आत्मनिर्भर भारत' की नींव को और मजबूत करेगा और इसमें किसानों व आम आदमी के हितों का विशेष ध्यान रखा जाएगा.