वाराणसी में ज्वेलरी शॉप में बुर्का, मास्क और हेलमेट पहनने पर रोक
लखनऊ । डेस्क: उत्तर प्रदेश के ज्वेलर्स एसोसिएशन की स्थानीय इकाई वाराणसी ने शनिवार (10 जनवरी, 2026) को सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए बुर्का, मास्क, हेलमेट या घूंघट पहनकर आने वाले ग्राहकों को आभूषण बेचने पर प्रतिबंध लगा दिया है. एसोसिएशन का दावा है कि प्रदेश के विभिन्न जिलों में हाल के दिनों में हुई चोरी, लूट और धोखाधड़ी की घटनाओं को देखते हुए यह कदम उठाया गया है.
यूपीजेए के जिला अध्यक्ष कमल सिंह ने स्पष्ट किया कि जिन ग्राहकों का चेहरा ढका होगा, उन्हें सामान नहीं बेचा जाएगा क्योंकि अपराध की स्थिति में सीसीटीवी फुटेज के बावजूद उनकी पहचान स्थापित नहीं हो पाती है. इसके लिए दुकानों के बाहर पोस्टर भी लगा दिए गए हैं.
एसोसिएशन के अध्यक्ष सत्य नारायण सेठ के अनुसार, झांसी और वाराणसी सहित कई जिलों में यह व्यवस्था लागू की गई है. उन्होंने स्पष्ट किया कि यह किसी धर्म का विरोध नहीं है, बल्कि केवल व्यापारियों की सुरक्षा के लिए उठाया गया कदम है.
मुस्लिम महिलाएं बुर्का पहनकर आ सकती हैं, लेकिन दुकान में प्रवेश करते समय पहचान सुनिश्चित करने के लिए उन्हें चेहरा दिखाना होगा. हालांकि, इस फैसले पर ज्वेलरी जगत में मतभेद भी दिख रहे हैं. लोहता क्षेत्र के सर्राफा व्यवसायी शाहिद ने इसे गलत बताते हुए कहा कि बुर्का हटाने के लिए कहना ग्राहकों को अपमानित करने जैसा है और इससे व्यापार प्रभावित होगा.
उन्होंने सुझाव दिया कि महिला कर्मचारी के जरिए पहचान की जा सकती है. दूसरी ओर, सरकारी अधिवक्ता राणा संजीव सिंह ने इस निर्णय का समर्थन करते हुए कहा कि अपनी सुरक्षा का अधिकार सबको है और सीसीटीवी में पहचान न हो पाने की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए यह कदम उचित है.
Symbolic Photo.