शीतलहर से ठिठुरा छत्तीसगढ़
रायपुर | संवाददाता : छत्तीसगढ़ में ठंड ने एक बार फिर अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है. प्रदेश के उत्तरी इलाकों में शीतलहर चल रही है. अंबिकापुर में रात का तापमान गिरकर 5.3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, जिससे लोग ठिठुरने लगे हैं.
मौसम विभाग के मुताबिक अगले तीन दिनों तक न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा, लेकिन इसके बाद तापमान 1 से 3 डिग्री तक और गिर सकता है. राजधानी रायपुर में सुबह के समय घनी धुंध छाए रहने की संभावना है.
पिछले 24 घंटों की बात करें तो प्रदेश में सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान दुर्ग में 29.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में 5.3 डिग्री रहा.
ठंड बढ़ने का असर अब स्कूलों पर भी दिखने लगा है. रायगढ़ जिले में स्कूलों के समय में बदलाव किया गया है. दो शिफ्ट में चलने वाले स्कूलों में पहली शिफ्ट की कक्षाएं सुबह 8:30 से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी शिफ्ट दोपहर 12:15 से शाम 4 बजे तक चलेंगी. वहीं, एक शिफ्ट वाले स्कूल सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक खुलेंगे. यह आदेश 10 जनवरी से 17 जनवरी तक लागू रहेगा.
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, छत्तीसगढ़ में ठंड बढ़ने की मुख्य वजह पश्चिमी विक्षोभ है. यह विक्षोभ हिमालय और उत्तर भारत से ठंडी हवाओं को नीचे की ओर धकेलता है. ऊपर से तेज जेट स्ट्रीम इन हवाओं को तेजी से मध्य भारत की ओर ले आती है. इसी कारण उत्तर भारत की कड़ाके की ठंड छत्तीसगढ़ तक पहुंच रही है.
इसका असर यह होता है कि रात का तापमान तेजी से गिरता है और सुबह-शाम ठंड ज्यादा महसूस होती है. कई इलाकों में शीतलहर जैसी स्थिति बन जाती है. इसे आसान भाषा में समझें तो जैसे फ्रिज का दरवाजा खुला हो और सामने पंखा चलने लगे-ठंडी हवा दूर-दूर तक फैल जाती है. यहां फ्रिज की तरह पश्चिमी विक्षोभ और पंखे की तरह जेट स्ट्रीम काम कर रही है.
कड़ाके की ठंड का सबसे ज्यादा असर बच्चों की सेहत पर पड़ रहा है. बीते एक महीने में रायपुर के अंबेडकर अस्पताल समेत निजी अस्पतालों में हाइपोथर्मिया के 400 से ज्यादा मामले सामने आए हैं. डॉक्टरों का कहना है कि बच्चों का शरीर बड़ों की तुलना में जल्दी ठंडा हो जाता है.
नवजात शिशुओं की मांसपेशियां पूरी तरह विकसित नहीं होतीं, इसलिए वे ठंड सहन नहीं कर पाते. खासतौर पर सीजेरियन डिलीवरी से जन्मे बच्चों में हाइपोथर्मिया का खतरा ज्यादा रहता है. लापरवाही बरतने पर कई बच्चों को एनआईसीयू और एसएनसीयू में भर्ती करना पड़ रहा है.
डॉक्टरों के अनुसार, शरीर का अचानक ठंडा पड़ जाना या सामान्य से कम तापमान हो जाना हाइपोथर्मिया का मुख्य लक्षण है. यह एक गंभीर और जानलेवा स्थिति हो सकती है.
ठंड के कारण अस्पतालों की ओपीडी में भी मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है. वायरल फीवर, सर्दी-खांसी और सांस की परेशानी वाले मरीज ज्यादा आ रहे हैं. अंबेडकर अस्पताल में मेडिसिन, पीडियाट्रिक और चेस्ट विभाग में 600 से अधिक मरीज सामने आए हैं. रोजाना 2000 से ज्यादा मरीज ओपीडी में इलाज के लिए पहुंच रहे हैं.
हाइपोथर्मिया एक इमरजेंसी स्थिति है, जिसमें शरीर का तापमान सामान्य 98.6 फॉरेनहाइट (37 डिग्री सेल्सियस) से नीचे चला जाता है. तापमान गिरने पर शरीर के अहम अंग ठीक से काम नहीं कर पाते और मरीज की जान को खतरा हो सकता है.