पश्चिम बंगाल चुनाव परिणाम: भाजपा ने लगाया 'खेला शेष' का नारा
कोलकाता । डेस्क: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के रुझानों में भारतीय जनता पार्टी द्वारा बहुमत का आंकड़ा पार करने के बाद राज्य में राजनीतिक सरगर्मी चरम पर पहुंच गई है. भाजपा की बंगाल इकाई ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर 'खेला शेष' (खेल खत्म) लिखकर अपनी जीत का दावा कर दिया है, जबकि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने इसे भाजपा और चुनाव आयोग की मिलीभगत का एक बड़ा "गेम प्लान" करार दिया है.
ममता बनर्जी ने अपनी पार्टी के कार्यकर्ताओं और काउंटिंग एजेंटों से अपील की है कि वे किसी भी हाल में मतगणना केंद्र न छोड़ें और "बाघों की तरह" डटे रहें. उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग उन सीटों के आंकड़े साझा नहीं कर रहा है जहां तृणमूल कांग्रेस (TMC) आगे चल रही है, ताकि एक झूठा नैरेटिव बनाया जा सके.
ममता ने कल्याणी जैसी जगहों पर वोटिंग मशीनों में गड़बड़ी और केंद्रीय बलों की मदद से पार्टी कार्यकर्ताओं को प्रताड़ित करने का भी आरोप लगाया है.
दूसरी ओर, भाजपा खेमे में जश्न का माहौल शुरू हो गया है. पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े ने बंगाल की जनता का आभार व्यक्त करते हुए इसे एक ऐतिहासिक जनादेश बताया है. वहीं, शहजाद पूनावाला ने रुझानों को विपक्षी 'इंडिया' गठबंधन की विफलता और प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व पर जनता के बढ़ते विश्वास का प्रमाण बताया.
हालांकि, चुनाव अधिकारियों का कहना है कि अभी कई दौर की मतगणना बाकी है और कई सीटों पर कड़ा मुकाबला होने के कारण अंतिम नतीजों के लिए इंतजार करना होगा. फिलहाल, भवानीपुर सीट से ममता बनर्जी बढ़त बनाए हुए हैं, लेकिन राज्य के समग्र रुझान भाजपा के पक्ष में एक बड़े बदलाव की ओर इशारा कर रहे हैं.