निकोलस मादुरो कौन हैं, जिसे ट्रंप ने अगुवा किया है
कराकास । डेस्क: वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो एक बार फिर वैश्विक राजनीति के केंद्र में हैं. अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के नेतृत्व में अमेरिकी कार्रवाई के बाद मादुरो और उनकी पत्नी सिलिया फ्लोरेस को कथित रूप से हिरासत में लिए जाने के दावे किए गए हैं. अमेरिका का आरोप है कि मादुरो मादक पदार्थों की तस्करी और हथियारों से जुड़े मामलों में शामिल हैं. लेकिन सवाल यह है कि निकोलस मादुरो आखिर हैं कौन, जिनकी गिरफ्तारी को ट्रंप प्रशासन अपनी बड़ी उपलब्धि बता रहा है?
निकोलस मादुरो का जन्म 23 नवंबर 1962 को कराकास के एल वाये इलाके में एक श्रमिक परिवार में हुआ था. उनके पिता निकोलस मादुरो गार्सिया एक ट्रेड यूनियन नेता थे, जिनकी राजनीति का मादुरो के जीवन पर गहरा प्रभाव पड़ा. मादुरो की शुरुआती पढ़ाई सरकारी स्कूल में हुई. छात्र जीवन में ही वे छात्र राजनीति में सक्रिय हो गए थे और खुद को एक संघर्षशील कार्यकर्ता के रूप में स्थापित करने लगे.
राजनीति में मादुरो का प्रवेश मजदूर आंदोलन के रास्ते हुआ. 1980 के दशक में वे वेनेजुएला की सोशलिस्ट लीग से जुड़े, जो एक मार्क्सवादी-लेनिनवादी संगठन था. 1986 में उन्हें क्यूबा भेजा गया, जहां उन्होंने कम्युनिस्ट यूथ यूनियन के प्रशिक्षण स्कूल में राजनीतिक शिक्षा हासिल की. क्यूबा से लौटने के बाद मादुरो ने कराकास मेट्रो में बस चालक के रूप में काम किया और बाद में मेट्रो कर्मचारियों की यूनियन खड़ी की. यहीं से वे ट्रेड यूनियन राजनीति में उभरे.
1990 के दशक में मादुरो दिवंगत नेता ह्यूगो चावेज़ के करीब आए. चावेज़ उस समय वेनेजुएला की पारंपरिक दो-दलीय व्यवस्था के खिलाफ एक बड़े जनआंदोलन का चेहरा बन चुके थे. मादुरो ने चावेज़ के आंदोलन का नागरिक चेहरा संभाला और 1992 के असफल तख्तापलट के बाद उनकी रिहाई के लिए अभियान चलाया. इसी दौर में उनकी मुलाकात वकील सिलिया फ्लोरेस से हुई, जो बाद में उनकी पत्नी बनीं.
चावेज़ के सत्ता में आने के बाद मादुरो तेजी से आगे बढ़े. वे संविधान सभा के सदस्य बने, फिर विदेश मंत्री नियुक्त हुए और 2012 में उपराष्ट्रपति बनाए गए. दिसंबर 2012 में कैंसर से जूझ रहे चावेज़ ने सार्वजनिक रूप से मादुरो को अपना राजनीतिक उत्तराधिकारी घोषित किया. चावेज़ की मृत्यु के बाद 2013 में हुए चुनाव में मादुरो बेहद मामूली अंतर से राष्ट्रपति बने.
राष्ट्रपति बनने के बाद मादुरो ने अमेरिका के साथ टकराव की नीति अपनाई. उन्होंने अमेरिकी राजनयिकों को देश से निकाल दिया और विपक्ष पर “फासीवादी” होने का आरोप लगाया. उनके कार्यकाल में वेनेजुएला गंभीर आर्थिक संकट में फंसा तेल उत्पादन गिरा, महंगाई और बेरोजगारी बढ़ी और जरूरी वस्तुओं की भारी कमी हुई. विपक्षी प्रदर्शनों को बलपूर्वक दबाया गया, जिसमें दर्जनों लोगों की मौत हुई.
2018 और 2024 के चुनावों में मादुरो की जीत को अमेरिका समेत कई देशों ने मान्यता नहीं दी. अब ट्रंप द्वारा मादुरो की कथित गिरफ्तारी के दावे को समर्थक ‘नार्को-राज’ के खिलाफ कार्रवाई बता रहे हैं, जबकि आलोचक इसे अंतर्राष्ट्रीय कानून का उल्लंघन और राजनीतिक अगुवाई करार दे रहे हैं.
निकोलस मादुरो का जीवन इस बात का उदाहरण है कि कैसे एक ट्रेड यूनियन कार्यकर्ता सत्ता के शिखर तक पहुंचा और फिर वैश्विक ताकतों के टकराव का केंद्र बन गया.