'भारतीयों को क्यों मिल रही अमेरिका के पैसे पर AI सेवा'- पीटर नवारो
वाशिंगटन । डेस्क: डोनाल्ड ट्रंप के करीबी और व्हाइट हाउस के व्यापार सलाहकार पीटर नवारो ने एक बार फिर भारत को लेकर विवादास्पद बयान दिया है. नवारो ने चैटजीपीटी (ChatGPT) द्वारा भारत में दी जा रही आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) सेवाओं की नैतिकता और तर्कसंगतता पर सवाल उठाए हैं.
स्टीव बैनन को दिए एक साक्षात्कार में नवारो ने कहा कि यह समझ से परे है कि अमेरिकी नागरिकों के पैसे और संसाधनों का उपयोग करके भारत को एआई सेवाएं क्यों दी जा रही हैं.
उन्होंने तर्क दिया कि चैटजीपीटी अमेरिकी धरती पर काम करता है और वहां की बिजली व बुनियादी ढांचे का उपयोग करता है, लेकिन इसका लाभ भारत, चीन और दुनिया के अन्य हिस्सों को मिल रहा है.
नवारो के इस बयान ने तकनीकी और राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज कर दी है. कयास लगाए जा रहे हैं कि आगामी ट्रंप प्रशासन भारत में एआई सेवाओं के विस्तार को लेकर चैटजीपीटी पर नए कड़े प्रतिबंध या 'फतवा' लागू कर सकता है.
गौरतलब है कि पीटर नवारो पहले भी भारत विरोधी टिप्पणियों के लिए चर्चा में रहे हैं. इससे पहले उन्होंने भारत को 'टैरिफ किंग' कहा था और यूक्रेन युद्ध के संदर्भ में इसे 'मोदी का युद्ध' बताकर विवाद पैदा किया था.
अब एआई सेवाओं पर उनके इस नए प्रहार से दोनों देशों के तकनीकी संबंधों में तनाव की आशंका जताई जा रही है.