कच्चे तेल के दाम घटे फिर भी क्यों बढ़े पेट्रोल-डीजल के भाव- खड़गे
नई दिल्ली । डेस्क: कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट के बावजूद देश में पेट्रोल और डीजल के बढ़ते दामों को लेकर मोदी सरकार पर तीखा हमला बोला है. आधिकारिक आंकड़ों का हवाला देते हुए खड़गे ने कहा कि 26 मई 2014 को जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कार्यभार संभाला था, तब भारतीय बास्केट में कच्चे तेल की कीमत 108.05 अमेरिकी डॉलर प्रति बैरल थी और डॉलर के मुकाबले रुपया 58.59 रुपये पर था.
उस समय पेट्रोल 71.51 रुपये और डीजल 56.71 रुपये प्रति लीटर मिल रहा था. खड़गे ने दावा किया कि आज कच्चे तेल की कीमत 99 डॉलर प्रति बैरल से भी कम है, लेकिन इसके बावजूद पेट्रोल 102.12 रुपये और डीजल 95.20 रुपये प्रति लीटर तक पहुंच गया है.
खड़गे ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर लिखा कि कच्चे तेल के सस्ते होने के बाद भी पेट्रोल करीब 42.8% और डीजल लगभग 67.9% महंगा हो गया है.
उन्होंने सरकार पर मुनाफाखोरी का आरोप लगाते हुए कहा कि पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों से परिवहन से लेकर खाद्य पदार्थों तक सब कुछ महंगा हो रहा है, जिससे आम जनता पर महंगाई का बोझ लगातार बढ़ रहा है.
उन्होंने सीधा सवाल किया कि जब अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चा तेल सस्ता हुआ है, तो देश में ईंधन की कीमतें क्यों बढ़ाई जा रही हैं और जनता को राहत क्यों नहीं मिल रही है?
गौरतलब है कि हाल ही में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में 2.61 से 2.71 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई है, जो पिछले दो हफ्तों से कम समय में चौथी बढ़ोतरी है.
इस मुद्दे पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी सरकार को घेरते हुए आरोप लगाया कि 'महंगाई मानव' ने एक बार फिर हमला किया है और आम नागरिकों पर आर्थिक बोझ डाल दिया है. खड़गे ने इस स्थिति को 'रोज की लूट' करार देते हुए पूछा कि आखिर इस मुनाफे से किसे फायदा पहुंचाया जा रहा है.