क्या पश्चिम बंगाल में लगेगा राष्ट्रपति शासन?
कोलकाता । डेस्क: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के नतीजों के बाद राज्य एक बड़े संवैधानिक टकराव की दहलीज पर खड़ा हो गया है. सोमवार को आए चुनाव परिणामों में भारतीय जनता पार्टी की प्रचंड जीत और तृणमूल कांग्रेस की करारी शिकस्त के बावजूद, मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने मंगलवार को अपने पद से इस्तीफा देने से साफ इनकार कर दिया है.
ममता बनर्जी ने एक प्रेस वार्ता में कड़े तेवर दिखाते हुए कहा, "हम हारे नहीं हैं और मैं इस्तीफा नहीं दूंगी." उन्होंने चुनाव में भारी धांधली और मतगणना केंद्र पर अपने प्रतिनिधियों के साथ बदसलूकी के गंभीर आरोप भी लगाए हैं.
चुनावी आंकड़ों के अनुसार, भाजपा ने 207 सीटों के साथ लैंडस्लाइड जीत हासिल की है, जबकि तृणमूल कांग्रेस मात्र 80 सीटों पर सिमट गई है. खुद ममता बनर्जी को अपनी पारंपरिक भवानीपुर सीट पर भाजपा प्रतिद्वंद्वी शुभेंदु अधिकारी के हाथों 15,000 से अधिक वोटों से हार का सामना करना पड़ा है.
लोकतांत्रिक परंपरा के अनुसार, चुनाव हारने के बाद निवर्तमान मुख्यमंत्री को राज्यपाल को अपना इस्तीफा सौंपना होता है और नई सरकार के शपथ ग्रहण तक वह कार्यवाहक मुख्यमंत्री के रूप में कार्य करता है, लेकिन ममता बनर्जी के अड़ियल रुख ने इस प्रक्रिया को बाधित कर दिया है.
इस दुर्लभ स्थिति पर पूर्व मुख्य चुनाव आयुक्त एस.वाई. कुरैशी ने कहा कि यदि निवर्तमान मुख्यमंत्री इस्तीफा देने से इनकार करती हैं, तो राज्यपाल के पास अनुच्छेद 356 (राष्ट्रपति शासन) का उपयोग करने के अलावा कोई विकल्प नहीं बचेगा.
कुरैशी के अनुसार, "एक ही समय में दो मुख्यमंत्री पद पर नहीं रह सकते. चूंकि शनिवार को नई भाजपा सरकार का शपथ ग्रहण होना तय है, ऐसे में संवैधानिक मशीनरी के टूटने का हवाला देकर राज्य में कुछ समय के लिए राष्ट्रपति शासन लगाया जा सकता है."
कानूनी विशेषज्ञों और वरिष्ठ अधिवक्ताओं का मानना है कि चूंकि टीएमसी बहुमत खो चुकी है, इसलिए ममता बनर्जी के पास सत्ता में बने रहने का कोई संवैधानिक अधिकार नहीं है. कलकत्ता उच्च न्यायालय के वरिष्ठ अधिवक्ता जयंत नारायण चटर्जी ने इसे 'आजादी के बाद का पहला ऐसा मामला' बताया है जहाँ किसी मुख्यमंत्री ने जनादेश के बाद पद छोड़ने से मना किया हो.
अब सारी निगाहें राजभवन पर टिकी हैं कि क्या राज्यपाल ममता बनर्जी को बर्खास्त कर शनिवार को नई सरकार के शपथ ग्रहण का मार्ग प्रशस्त करेंगे.