क्या तारिक रहमान बांग्लादेश को संभाल पाएंगे?
ढाका । डेस्क: 17 साल के लंबे निर्वासन के बाद वतन लौटे तारिक रहमान के सामने आज सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या वे उस बांग्लादेश को स्थिरता दे पाएंगे, जो इस वक्त अपने इतिहास के सबसे अस्थिर दौर से गुजर रहा है. 25 दिसंबर को उनके स्वदेश आगमन और 30 दिसंबर को उनकी मां खालिदा जिया के निधन के बाद, तारिक अब औपचारिक रूप से बीएनपी (BNP) के सर्वोच्च नेता बन गए हैं.
12 फरवरी को होने वाले आम चुनावों में वे प्रधानमंत्री पद के मुख्य दावेदार हैं, लेकिन सत्ता तक पहुंचने और उसे संभालने की राह कांटों भरी है.
शेख हसीना के पतन के बाद देश की प्रशासनिक व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है. तारिक रहमान के सामने पहली बड़ी चुनौती उस 'भ्रष्टाचार और सत्ता के समानांतर केंद्र' वाली छवि को मिटाने की है, जो उनके पिछले कार्यकाल के दौरान बनी थी.
हालांकि, उनके हालिया बयानों में एक बदला हुआ राजनेता नजर आ रहा है, जो अल्पसंख्यकों की सुरक्षा और समावेशी लोकतंत्र की बात कर रहा है. लेकिन क्या वे अपनी पार्टी के उन कैडरों पर नियंत्रण रख पाएंगे, जिन पर हिंसा और जबरन वसूली के आरोप लग रहे हैं?
आर्थिक मोर्चे पर बांग्लादेश की कमर टूट चुकी है और युवाओं में बेरोजगारी को लेकर भारी गुस्सा है.
तारिक के लिए यह साबित करना जरूरी होगा कि वे केवल एक 'वंशवादी उत्तराधिकारी' नहीं, बल्कि एक विजनरी लीडर भी हैं.
इसके अलावा, भारत के साथ बिगड़ते रिश्तों को पटरी पर लाना और कट्टरपंथी ताकतों को मुख्यधारा की राजनीति से दूर रखना उनके लिए सबसे कठिन परीक्षा होगी.
12 फरवरी का चुनाव केवल यह तय नहीं करेगा कि अगली सरकार किसकी होगी, बल्कि यह भी तय करेगा कि तारिक रहमान में वह क्षमता है या नहीं, जो बांग्लादेश को एक नए 'पतन' से बचा सके.