टोनही प्रताड़ना मामला: कोर्ट के आदेश पर 23 लोगों पर मामला दर्ज
महासमुंद । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले के बागबाहरा क्षेत्र में एक महिला और उसके परिवार को 'टोनही' (डायन) बताकर प्रताड़ित करने के आरोप में अदालत के निर्देश पर 23 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है. पीड़ित परिवार लंबे समय से गांव के कुछ लोगों द्वारा दिए जा रहे ताने, गालियों, जान से मारने की धमकियों और सामाजिक बहिष्कार का दंश झेल रहा था.
स्थिति इतनी बदतर हो गई थी कि गांव की राशन दुकानों को भी इस परिवार को खाद्यान्न न देने की हिदायत दी गई थी.
स्थानीय पुलिस द्वारा मामले की अनदेखी किए जाने और शिकायत दर्ज करने से इनकार के बाद पीड़ित परिवार ने न्याय के लिए अदालत का दरवाजा खटखटाया. न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी ने मामले में पुलिस की पुरानी रिपोर्ट को खारिज करते हुए कड़ा रुख अपनाया और बागबाहरा थाना पुलिस को आरोपियों के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज करने का आदेश दिया.
अदालत के इस आदेश के बाद पुलिस ने 24 जुलाई को 'छत्तीसगढ़ टोनही प्रताड़ना निवारण अधिनियम 2005' की सख्त धाराओं के तहत पड़ोस के 23 नामजद लोगों के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ देश का पहला ऐसा राज्य है जिसने वर्ष 2005 में अंधविश्वास के नाम पर महिलाओं और उनके परिवारों के उत्पीड़न को रोकने के लिए यह विशेष कानून बनाया था.
इस कानून के तहत किसी को 'टोनही' या तांत्रिक कहकर पहचानना, मानसिक या शारीरिक रूप से प्रताड़ित करना और हानि पहुंचाना गैर-जमानती अपराध है, जिसमें तीन से पांच साल तक के कठोर कारावास और जुर्माने का प्रावधान है.