मेकाहारा में महिला की सर्जरी के दौरान मौत, लापरवाही का आरोप
चिरिमिरी । संवाददाता: रायपुर के मेकाहारा अस्पताल में पथरी के ऑपरेशन के दौरान एक महिला की मौत का गंभीर मामला सामने आया है. मृतका पूनम गुप्ता, चिरमिरी के बड़ा बाजार इलाके की रहने वाली थीं और उनके पति का नाम अभय गुप्ता है. इस दुखद घटना के बाद से ही पीड़ित परिवार में भारी आक्रोश है और उन्होंने अस्पताल प्रबंधन व डॉक्टरों के खिलाफ इलाज में घोर लापरवाही बरतने की शिकायत दर्ज कराई है.
परिजनों का आरोप है कि चिकित्सकीय टीम ने मरीज की नाजुक हालत को नजरअंदाज करते हुए जल्दबाजी में कदम उठाया. मृतका के ससुर और सेवानिवृत्त पुलिस निरीक्षक जगदीश गुप्ता ने बताया कि पूनम गुप्ता को पथरी की शिकायत के बाद ऑपरेशन के लिए अस्पताल में दाखिल कराया गया था.
उन्होंने दावा किया कि सर्जरी थिएटर में ले जाने से पहले मरीज का ब्लड प्रेशर और शुगर लेवल सामान्य से काफी ज्यादा था. ऐसी स्थिति में डॉक्टरों को पहले उसे नियंत्रित करना चाहिए था या फिर ऑपरेशन को आगे के लिए टाल देना चाहिए था.
परिवार के अनुसार, इन दोनों जरूरी मानकों के खतरनाक स्तर पर होने के बावजूद डॉक्टरों ने ऑपरेशन करने का फैसला किया, जिसके कारण सर्जरी के दौरान ही पूनम गुप्ता ने दम तोड़ दिया. फिलहाल इस पूरे वाकये के बाद अस्पताल की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं और पीड़ित पक्ष न्याय की मांग कर रहा है.