दिल्ली में चलती बस में महिला से सामूहिक दुष्कर्म
नई दिल्ली । डेस्क: देश की राजधानी दिल्ली के रानी बाग इलाके में एक निजी स्लीपर बस के भीतर एक 30 वर्षीय महिला के साथ चालक और परिचालक द्वारा कथित तौर पर सामूहिक दुष्कर्म किए जाने का मामला प्रकाश में आया है. पुलिस सूत्रों के अनुसार, यह घटना 11 मई की रात को हुई, जिसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और बस को भी जब्त कर लिया गया है.
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, पीड़िता फैक्ट्री में काम खत्म कर अपने घर लौट रही थी. सरस्वती विहार के बी-ब्लॉक बस स्टैंड के पास जब उसने बस के पास खड़े एक आरोपी से समय पूछा, तो उसे जबरन बस के अंदर खींच लिया गया.
पुलिस ने पीड़िता के बयान के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 64(1) (बलात्कार), 70(1) (सामूहिक बलात्कार) और 3(5) (सामान्य इरादा) के तहत प्राथमिकी दर्ज की है.
इस मामले पर सियासत भी गरमा गई है. विपक्षी दल आम आदमी पार्टी ने इस घटना की तुलना 2012 के निर्भया कांड से करते हुए कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए हैं.
हालांकि, बाहरी दिल्ली के पुलिस उपायुक्त विक्रम सिंह ने उन दावों को खारिज किया है जिसमें बस के शहर भर में घूमने की बात कही गई थी. उन्होंने स्पष्ट किया कि सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए थे और पीड़िता का तत्काल मेडिकल परीक्षण कराया गया. फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है.