रवि, 08 नव. 2026

CGKhabar

विश्व भूख दिवस : भारत में भूख और कुपोषण की चुनौतियां

छत्तीसगढ़ भारत की स्थिति भी भूख और कुपोषण के मामले में चुनौतीपूर्ण है

C

CG Khabar

28 मई 2025, 05:04 AM 4 मिनट में पढ़ें 27

विश्व भूख दिवस
विश्व भूख दिवस

रायपुर | डेस्कः भारत भूख मिटाने के मामले में 127 देशों में 105वें स्थान पर है. विश्व भूख दिवस 28 मई को आए आंकड़े बताते हैं कि देश की स्थिति बेहतर नहीं है.


भारत भी भूख और कुपोषण की गंभीर चुनौतियों से जूझ रहा है. सरकार एक तरफ दुनिया की तेजी से बढ़ती हुई अर्थव्यवस्था के रूप में खुद को बताती है, तो दूसरी तरफ देश के 80 करोड़ लोगों को हर महीने सरकारी राशन देने का दावा भी कर रही है.

विज्ञापन


यह दिन, जिसे 2011 में द हंगर प्रोजेक्ट ने शुरू किया था, वैश्विक स्तर पर भूख के खिलाफ जागरूकता बढ़ाने और टिकाऊ समाधानों को प्रोत्साहन देने का प्रयास करता है. 


वैश्विक भुखमरी सूचकांक 2024: भारत की स्थिति

वैश्विक भुखमरी सूचकांक (GHI) 2024 के अनुसार, भारत 127 देशों में 105वें स्थान पर है. जिसका GHI स्कोर 27.3 है. यह स्कोर गंभीर भूख की श्रेणी में आता है.


हालांकि यह 2023 के 28.7 स्कोर से थोड़ा बेहतर है. रिपोर्ट में बताया गया है कि भारत में 35.5 फीसदी बच्चे पांच साल से कम उम्र के बौनेपन से पीड़ित हैं, जबकि 18.7% बच्चे कम वजन के हैं.


इसके अलावा, 2.9 फीसदी बच्चे अपने पांचवें जन्मदिन से पहले कुपोषण और अस्वास्थ्यकर परिस्थितियों के कारण दम तोड़ देते हैं.


विश्व में 60 प्रतिशत खाद्य की बर्बादी घरों से 

भारत एक कृषि प्रधान देश है, फिर भी लाखों लोग भूख और कुपोषण का सामना कर रहे हैं. विश्व खाद्य कार्यक्रम (WFP) के अनुमान के मुताबिक, वैश्विक स्तर पर 811 मिलियन लोग भूख से प्रभावित हैं.


भारत में भी यह संख्या चिंताजनक है. खाद्य असुरक्षा के पीछे कई कारण हैं, जिसमें गरीबी, असमान वितरण, जलवायु परिवर्तन और प्राकृतिक आपदाएं शामिल हैं.


इसके अलावा, खाद्य बर्बादी भी एक बड़ी समस्या है. संयुक्त राष्ट्र की एक रिपोर्ट के अनुसार, विश्व में 60 प्रतिशत खाद्य बर्बादी घरों से होती है.


भारत में भी यह एक गंभीर मुद्दा है, जहां प्रति व्यक्ति प्रतिवर्ष औसतन 79 किलोग्राम भोजन बर्बाद होता है.


भारत सरकार के प्रयास

भारत सरकार भूख और कुपोषण से निपटने के लिए कई तरह की पहल कर रही है. पोषण अभियान (राष्ट्रीय पोषण मिशन), प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना (PMGKAY), और राष्ट्रीय प्राकृतिक खेती मिशन जैसी योजनाएं खाद्य और पोषण सुरक्षा को बढ़ावा देने के लिए शुरू की गई हैं.


इसके बावजूद, GHI 2024 की रिपोर्ट में कहा गया है कि भारत की प्रगति संयुक्त राष्ट्र के 2030 तक भुखमरी की समस्या समाप्त करने के सतत विकास लक्ष्य (SDG) को हासिल करने के लिए पर्याप्त नहीं है.


विशेषज्ञों का मानना है कि आर्थिक विकास अकेले भूख को कम करने के लिए पर्याप्त नहीं है. इसके लिए सामाजिक और आर्थिक असमानताओं को दूर करने वाली नीतियों की जरूरत है.


विश्व भूख दिवस 2025 की थीम

विश्व भूख दिवस 2025 की थीम "लचीलेपन के हिसाब से बुवाई करना" है. इसका मतलब है जलवायु के अनुरूप ढलने वाला भविष्य बनाया जा सकता है.


इस विश्व भूख दिवस पर, इस बात पर गौर किया जा सकता है कि जलवायु परिवर्तन से निपटने से सभी के लिए खाद्य सुरक्षा कैसे सुनिश्चित की जा सकती है.


किसानों में निवेश करके, एक ऐसी दुनिया बनाई जा सकती है, जहां स्वस्थ भोजन सुलभ हो और समुदाय फल-फूल सकें. 


शांति के साथ ही भूख मिटेगी

भूख मिटाने के लिए शांति जरूरी है. संघर्ष वाले क्षेत्रों में अक्सर भूख का स्तर सबसे अधिक होता है. संयुक्त राष्ट्र की एजेंसियां इन क्षेत्रों में भोजन पहुंचाने की कोशिश करती हैं, लेकिन अक्सर यह असंभव होता है.


2012 में, संयुक्त राष्ट्र ने जीरो हंगर कार्यक्रम शुरू किया, जिसका लक्ष्य 2030 तक दुनिया को भूख से मुक्त करना है.


गजा, युक्रेन और अफ्रीकी देशों में जारी युद्ध या दुनिया भर के कई देशों के बीच युद्ध या तनाव जैसे हालात भूख की समस्या से छुटकारा दिलाने के बरक्स बड़ी आबादी को भूख के दलदल में ढकेलने का काम कर रहे हैं.


सामाजिक जागरूकता और समाधान

विश्व भूख दिवस का उद्देश्य न केवल जागरूकता बढ़ाना है, बल्कि समुदायों को सशक्त बनाने और टिकाऊ समाधानों को प्रोत्साहित करना भी है.


भारत में गैर-सरकारी संगठन स्कूली बच्चों को मिड-डे मील प्रदान करने और कुपोषण के खिलाफ लड़ाई में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं.


इसके अलावा सोशल मीडिया के माध्यम से जागरूकता फैलाने और दान करने की पहल भी बढ़ रही है.


खाद्य बर्बादी में कमी व पोषण शिक्षा को प्राथमिकता

भारत में भूख और कुपोषण से निपटने के लिए नीतिगत सुधारों के साथ-साथ सामुदायिक भागीदारी जरूरी है.


विशेषज्ञों का कहना है कि खाद्य सुरक्षा को बढ़ावा देने के लिए स्थानीय स्तर पर कृषि उत्पादकता बढ़ाने, खाद्य बर्बादी को कम करने, और पोषण शिक्षा को प्राथमिकता देने की जरूरत है.


विश्व भूख दिवस 2025 हमें यह याद दिलाता है कि भूख के खिलाफ लड़ाई में हर कदम मायने रखता है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
AI Generated Photo
खबर खास

मिर्गी के इलाज में ऐतिहासिक सफलता: चेमोजेनेटिक थेरेपी और 'मॉलिक्यूलर स्विच' से दौरे बंद

एक दिन पहले

क्रिस्टियानो रोनाल्डो-  पुर्तगाल के दिग्गज फुटबॉलर
खबर खास

234 मैच, 146 गोल और 23 सालों की दास्तान: रोनाल्डो ने पुर्तगाल की 7 नंबर जर्सी को कहा अलविदा

2 दिन पहले

राहुल गांधी- फाइल फोटो
खबर खास

इलाहाबाद HC: 'सिख टिप्पणी' मामले में राहुल गांधी पर नहीं होगी FIR, कहा- सवाल उठाना सांसद का कर्तव्य

2 दिन पहले

सुप्रीम कोर्ट
खबर खास

हिरासत मिलते ही टिक-टिक शुरू: सुप्रीम कोर्ट ने कहा- 24 घंटे में मजिस्ट्रेट के सामने पेशी अनिवार्य

3 दिन पहले

डोनाल्ड ट्रंप- राष्ट्रपति अमेरिका
खबर खास

क्या डेमोक्रेट अमेरिका-ईरान युद्ध को रोक पाएंगे?

3 दिन पहले

मक्का
खबर खास

कम बारिश से एथेनॉल ब्लेंडिंग लक्ष्य पर संकट: खाद्य सुरक्षा बनी सरकार की प्राथमिकता

4 दिन पहले

CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP