रायगढ़ में बच्चा चोरी करते युवक पकड़ाया
रायगढ़ में बच्चा चोरी करते युवक पकड़ा गया
रायगढ़ | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में कथित रुप से बच्चा चोरी का मामला सामने आया है. आरोप है कि एक युवक आधी रात को घर में घुसकर मासूम बच्चे को उठाकर ले जा रहा था, लेकिन भागने से पहले ही उसे घर वालों ने पकड़ लिया.
जमकर पिटाई करने के बाद आरोपी युवक को पुलिस के हवाले कर दिया गया है. घटना के बाद से इलाके में हड़कंप मच गया है.
आरोप है कि युवक पड़ोसी राज्य ओडिशा से यहां बच्चा चोरी करने आया था.
मामला जूटमिल थाना क्षेत्र के टिकरापारा मोहल्ले का है. बुधवार की रात करीब 2 बजे की घटना है.
परिजनों के अनुसार टिकरापारा निवासी राज सारथी का परिवार गहरी नींद में था. उनके साथ उनका करीब 10 माह का बच्चा भी सोया हुआ था. इसी दौरान एक युवक घर में दाखिल हुआ और दादी के साथ सो रहे मासूम बच्चे को उठाकर बोरे में भरकर निकले वाला था.
तभी बच्चा रोने लगा. बच्चे की रोने की आवाज सुनकर दादी उठ गई. सामने चोर को देख शोर मचाया तो परिवार के अन्य सदस्य और पड़ोसी इकट्ठा हो गए.
उन्होंने आरोपी को पकड़कर उसकी जमकर पिटाई की और तत्काल पुलिस को सूचना दी. पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को हिरासत में ले लिया.
पूछताछ में आरोपी युवक ने अपना नाम सुरेश मुंडा बताया है. वह ओडिशा का रहने वाला है.
पुलिस का कहना है कि वह बच्चे को चोरी कर ओडिशा में किसी कृष्णा नाम के शख्स को बेचने वाला था. इसके बदले में उसे साढ़े 3 लाख रुपये मिलता.
बताया जा रहा है कि उसके साथ और लोग भी थे, लेकिन वे भाग गए. पुलिस आरोपी युवक से पूछताछ कर रही है.
पुलिस को शक है कि यह गिरोह रायगढ़ सहित आसपास के इलाकों में पहले भी ऐसी वारदातें करने की फिराक में रहा होगा.
फिलहाल गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है.