सिंगर ज़ुबीन गर्ग की मौत के मामले में चचेरा भाई गिरफ्तार
गुवाहाटी । डेस्क: लोकप्रिय गायक ज़ुबीन गर्ग की सिंगापुर में हुई मौत के मामले में असम पुलिस की जांच टीम ने बुधवार 8 अक्टूबर, 2025 को एक और बड़ी कार्रवाई की है. पुलिस ने गायक के चचेरे भाई और असम पुलिस के डीएसपी संदीपन गर्ग को गिरफ्तार कर लिया है.
सीआईडी के विशेष डीजीपी मुन्ना प्रसाद गुप्ता ने कहा, "हमने संदीपन गर्ग को गिरफ्तार कर लिया है. अब हम आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी कर रहे हैं."
यह इस हाई-प्रोफाइल मामले में पांचवी गिरफ्तारी है. गिरफ्तार किए गए पुलिस अधिकारी से पिछले कुछ दिनों में गायक की मौत के संबंध में कई बार पूछताछ की गई थी.
संदीपन गर्ग, जो कि एक डीएसपी हैं, 19 सितंबर को हुई कथित डूबने की घटना के समय ज़ुबीन गर्ग के साथ सिंगापुर में ही मौजूद थे. एक अन्य वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, "हमारी टीम उन्हें यहां एक कोर्ट ले गई है. हम पुलिस रिमांड की मांग करेंगे."
इससे पहले इस मामले में नॉर्थ ईस्ट इंडिया फेस्टिवल के मुख्य आयोजक श्यामकानु महंता, गायक के मैनेजर सिद्धार्थ शर्मा, और उनके बैंड के दो सदस्य- शेखर ज्योति गोस्वामी और अमृत प्रभा महंता- को गिरफ्तार किया जा चुका है. ये सभी इस समय पुलिस हिरासत में हैं.
गौरतलब है कि ज़ुबीन गर्ग की मौत 19 सितंबर को सिंगापुर में समुद्र में तैरते समय हुई थी.
वह श्यामकानु महंता और उनकी कंपनी द्वारा आयोजित 'नॉर्थ ईस्ट इंडिया फेस्टिवल' के चौथे संस्करण में भाग लेने के लिए सिंगापुर गए थे.