जुबीन गर्ग का दूसरा पोस्टमार्टम, मंगलवार सुबह होगा
गुवाहाटी । डेस्क: मशहूर गायक जुबीन गर्ग के निधन के बाद, उनकी मौत को लेकर उठ रहे सवालों के बीच असम सरकार ने एक बड़ा फैसला लिया है. सिंगापुर में हुए पहले पोस्टमार्टम के बाद, अब गायक के पार्थिव शरीर का दूसरा पोस्टमार्टम गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज अस्पताल (GMCH) में किया जाएगा.
यह फैसला मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कुछ fringe समूहों की मांग के बाद लिया है. जुबीन गर्ग का निधन 19 सितंबर को सिंगापुर में डूबने से हो गया था.
मुख्यमंत्री सरमा ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि यह मांग जनता की नहीं, बल्कि कुछ खास तबके की है.
उन्होंने कहा कि उनकी पत्नी की सहमति से यह फैसला लिया गया है ताकि जुबीन की मौत को लेकर किसी भी तरह का विवाद न हो.
मुख्यमंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि वे व्यक्तिगत रूप से इस पोस्टमार्टम के पक्ष में नहीं थे, क्योंकि सिंगापुर के डॉक्टरों की विशेषज्ञता पर उन्हें पूरा भरोसा है, लेकिन लोकतंत्र में हर तबके की बात सुनना जरूरी है.
दूसरा पोस्टमार्टम GMCH और एम्स, गुवाहाटी के डॉक्टरों की एक टीम करेगी.
इस प्रक्रिया में करीब दो घंटे लगेंगे, जिसके कारण जुबीन की अंतिम यात्रा अब सुबह 7.30 बजे के बजाय 9.30 बजे शुरू होगी.
उनका अंतिम संस्कार गुवाहाटी के बाहरी इलाके में पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा.
जुबीन गर्ग
जुबिन गर्ग भारतीय प्रसिद्ध और असम के सबसे बड़ा गायक, अभिनेता, संगीतकार, और गीत लेखक थे. जुबिन ने असमिया, हिन्दी, बंगाली, कन्नड़, उड़िया, तमिल, तेलेगु, पंजाबी, नेपाली, और मलयालम फ़िल्मों में भी गा चुके थे. वे असम के जोरहाट के रहने वाले थे. जुबिन गर्ग को असम और पश्चिम बंगाल में एक रॉकस्टार माना जाता है.
सिंगापुर के अधिकारियों द्वारा जारी मृत्यु प्रमाण पत्र में मौत का कारण डूबना बताया गया था.
उनके प्रशंसकों की माँग पर, असम सरकार ने गर्ग के परिवार की सहमति से जीएमसीएच में दोबारा पोस्टमार्टम का आदेश दिया है.