राष्ट्र

कांग्रेस की कमान प्रियंका के हाथ?

नई दिल्ली | समाचार डेस्क: प्रियंका गांधी कांग्रेस की कमान संभाल सकती है? सोमवार को एक राष्ट्रीय अखबार ने सूत्रों के हवाले से दावा किया है कि भाजपा के सूर्योदय से कांग्रेस में छाये अंधेरे को दूर करने के लिये प्रियंका गांधी को उत्तर प्रदेश कांग्रेस का अध्यक्ष बनाया जा सकता है या फिर उन्हें कांग्रेस का महासचिव बनाया जा सकता है.

गौरतलब है कि लोकसभा चुनाव, भाजपा बनाम कांग्रेस के मोदी बनाम राहुल की जंग में परिवर्तित हो गया था जिससे कांग्रेस को भारी नुकसान उठाना पड़ा था. मोदी के प्रभाव के चलते कांग्रेस अपने इतिहास में सबसे कम लोकसभा की सीट जीत सकी थी.

बताया जा रहा है कि इससे उबरने के लिये कांग्रेस आलाकमान प्रियंका गांधी को सामने ला सकता है. कांग्रेसी सूत्रों ने बताया कि सबसे पहले राहुल गांधी ने लोकसभा चुनाव के समय प्रियंका गांधी को आगे लाने की बात की थी परन्तु तब तक पानी सर के ऊपर से निकल चुका था.

अब जब कुछ राज्यों में विधानसभा चुनाव सामने है कांग्रेसी चाहते हैं कि प्रियंका गांधी सक्रिय राजनीति में आये. कांग्रेस के पास मोदी ब्रांड के मुकाबले के लिये प्रियंका ब्रांड की इस वक्त सबसे ज्यादा जरूरत है.

कांग्रेस में यदा-कदा उठते असंतोष जो मुख्यतः राहुल गांधी के खिलाफ ही होता है आलाकमान को सोचने के लिये मजबूर कर रहा है कि प्रियंका गांधी को कांग्रेस की कमान सौंप दी जाये, कम से कम उत्तर प्रदेश में तो प्रियंका के आने से फर्क पड़ेगा. ज्ञात्वय है कि लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश से कांग्रेस का सूपड़ा साफ हो गया है.

हालांकि, इतना तय है कि प्रियंका गांधी के सक्रिय राजनीति में उतरने का फैसला कांग्रेस आलाकमान करेगा इसके बावजूद यह तय माना जा रहा है कि प्रियंका, राहुल के आधीन रह कर ही काम करेगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!